हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम गाजीवाली में हाईवे किनारे एक खाली प्लॉट में मिले युवती के अधजले शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। “प्यार का तीनकोना बना हत्या की वजह, उधम सिंह नगर में गला घोंटकर हत्या, शव श्यामपुर में जला कर छिपाया”।
थाना श्यामपुर क्षेत्र के ग्राम गाजीवाली में विगत 18 अक्तूबर को हाईवे किनारे एक खाली प्लॉट में महिला के अधजले अज्ञात शव से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। इसका खुलासा आज पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र मेहरा ने पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय में किया। पुलिस ने सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हत्या का खुलासा करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया और सीओ सिटी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष श्यामपुर के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने 300 से अधिक वाहनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साक्ष्यों के साथ सोशल मीडिया व पंपलेट्स के जरिए मृतका की पहचान की कोशिशें तेज कीं।
जांच में एक सफेद कंटेनर ट्रक संदिग्ध पाया गया। कैमरों की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाते हुए पुलिस टीम उधमसिंह नगर पहुंची, जहां से सीमा खातून महिला की गुमशुदगी की सूचना मिली। पुलिस टीम ने सीमा खातून के साथ आखिरी बार देखी गई महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि सीमा खातून को आखिरी बार 17 अक्टूबर को अपने प्रेमी सलमान और एक महिला साथी के साथ उसी ट्रक में देखा गया था, जो काशीपुर से सीमा खातून अपने प्रेमी सलमान के साथ उक्त ट्रक में बैठी थी।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। तब उसने चैंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि सीमा खातून और सलमान के बीच पैसों व संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के दिन यानी 17 अक्तूबर की शाम ट्रक में दोनों के बीच झगड़ा हुआ। जिस पर गुस्से में आकर सलमान ने काशीपुर में ही केवीआर तिराहे के पास हाईवे पर ट्रक के अंदर चुन्नी से उसका गला दबाया और महिला ने उसकी मदद की। सीमा खातून और महिला की रंजिश थी क्योंकि पहले महिला ने उसके लड़के को एनडीपीएस के मामले में मुखबिरी कर जेल भिजवाया था।
पूछताछ में सलमान ने बताया कि उसका सीमा खातून से प्रेम संबंध था, लेकिन अब वह उससे शादी नहीं करना चाहता था। इसी बात को लेकर सीमा लगातार झगड़ा कर रही थी और पैसों की मांग कर रही थी। झगड़े से तंग आकर उसने अपनी महिला साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद दोनों ने शव को ट्रक में रखकर श्यामपुर के एक खाली प्लॉट में लाकर फेंका और डीजल डालकर जला दिया, ताकि पहचान छिपाई जा सके।
आरोपियों की पहचान सलमान (30 वर्ष) पुत्र घसीटा खां और महिला (53 वर्ष) पत्नी स्व. नासिर, निवासी मझरा लक्ष्मीपुर, काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर के रूप में की गई। महिला को 23 अक्तूबर को धारा 103(1), 238(क), 61(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया। वहीं, उसी रात मुखबिर की सूचना पर आरोपी सलमान को रसियाबड़ के पास ट्रक सहित दबोचा गया।
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक नरेन्द्र सिंह विष्ट प्रभारी, थानाध्यक्ष एवं विवेचक मनोज शर्मा थाना श्यामपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक थाना श्यामपुर मनोज रावत, उपनिरीक्षक गगन मैठाणी, उपनिरीक्षक नवीन चैहान, हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह, राहुल देव, अनिल, राजवीर और मनमोहन तैनात हैं। थाना सिडकुल से देशराज, कोतवाली नगर हरिद्वार से रमेश, कोतवाली ज्वालापुर से नवीन क्षेत्री, थाना कनखल से दीपक चैधरी और सतेन्द्र तथा थाना रानीपुर से दीपगौड़ शामिल हैं। सीआईयू हरिद्वार में हरवीर और नरेन्द्र भी टीम में शामिल रहे।