मदनपल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ली में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘अटल–मोदी सुशासन यात्रा’ में भाग लिया और जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के जन्मशताब्दी वर्ष में इस यात्रा में शामिल होना उनके लिए गौरव का विषय है। अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मानवीय मूल्यों का प्रतीक रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां देश को मिलीं। गठबंधन सरकार का सफल कार्यकाल पूरा कर अटल जी ने यह सिद्ध किया कि जब उद्देश्य राष्ट्रहित हो, तो सभी दल मिलकर काम कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अटल जी की प्रेरणा से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण की दिशा में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी योजनाओं से भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आज देश आर्थिक शक्ति बनने के साथ रक्षा, अंतरिक्ष और अवसंरचना क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।
सीएम ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 99 प्रतिशत गांव सड़क नेटवर्क से जुड़ चुके हैं, वहीं स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन क्षेत्रों में ऐतिहासिक बदलाव आए हैं। सनातन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन का महाकाल लोक तथा बद्रीनाथ–केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण जैसे कार्य हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने अनुच्छेद 370 की समाप्ति, ट्रिपल तलाक उन्मूलन, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और वक्फ संशोधन जैसे निर्णयों को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में चल रही विकास योजनाओं—पोलावरम परियोजना, औद्योगिक शहरों, नाइट विज़न फैक्ट्री और सेमीकंडक्टर इकाई—की भी सराहना की।
सीएम धामी ने कहा कि अटल जी की प्रेरणा से ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हुआ और आज प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य शिक्षा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप, रोजगार और सुशासन में अग्रणी बन रहा है। समान नागरिक संहिता का लागू होना, धर्मांतरण विरोधी कानून और लैंड जिहाद के खिलाफ कड़े कदम इसी दिशा में उठाए गए हैं।