हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय में रविवार को होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। रैतिक परेड के साथ महिला व पुरुष होमगार्ड जवानों ने देशभक्ति नृत्य और गीतों की प्रस्तुतियां दीं, जबकि होमगार्ड जुगुणियां बैंड ने मनमोहक प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मंडलीय कमांडेंट गौतम कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उत्कृष्ट सेवा देने वाले सेवानिवृत्त होमगार्ड जवानों को एक-एक लाख रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया। राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने कहा कि आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सेवा में होमगार्ड्स की भूमिका अहम है और सरकार उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में शिवालिकनगर पालिका परिषद अध्यक्ष राजीव शर्मा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में होमगार्ड जवान मौजूद रहे।