हरिद्वार। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर निवासरत अनुसूचित जाति के गरीब व्यक्तियों तक हर हाल में पहुंचे, इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष (राज्यमंत्री) मुकेश कुमार ने जिला सभागार में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के संचालन में अनुसूचित जाति के पात्र व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न हो और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करें।
बैठक में आयोग अध्यक्ष ने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि दूरदराज के गांवों तक जानकारी और लाभ पहुंचाया जाना आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, पारदर्शिता और वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंच की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सभी विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करना होगा।
मुकेश कुमार ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग में एक नोडल अधिकारी नामित कर योजनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं के लिए संचालित छात्रवृत्ति, छात्रावास, कोचिंग, आर्थिक सहायता एवं अन्य योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने ब्लॉकों में नियमित भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का वास्तविक आकलन करने और अनुसूचित जाति वर्ग के लाभार्थियों की संख्या से संबंधित नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
आयोग अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन अधिकारियों के विरुद्ध लापरवाही की शिकायत प्रमाणित पाई जाएगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने आयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए योजना लाभार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान की अपेक्षा जताई, जिस पर आयोग अध्यक्ष ने सभी स्तरों पर सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने आयोग अध्यक्ष का पौधा भेंट कर स्वागत किया और आश्वस्त किया कि दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का संबंधित विभागों द्वारा तत्परता से अनुपालन कराया जाएगा। बैठक में आयोग सदस्य विशाल मुखिया, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष तेलूराम प्रधान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश सिंह भदौरिया, मुख्य शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भंडारी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित सभी नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद