अनधिकृत प्लॉटिंग पर प्राधिकरण का बुलडोजर, 45 बीघा में अवैध निर्माण ध्वस्त

हरिद्वार।

हरिद्वार विकास प्राधिकरण ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में चल रही अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। लक्सर रोड स्थित जमालपुर रोड से किशनपुर जाने वाले मार्ग पर मैदा मील के समीप लगभग पांच बीघा भूमि में बिना अनुमति प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। इसी तरह इक्कड़ खुर्द सराय रोड पर स्वर्ण लोक के बगल में श्री मुबारक अली द्वारा करीब 20 बीघा क्षेत्र में अनधिकृत प्लॉटिंग का मामला सामने आया। वहीं मंगलौर क्षेत्र में टांडा भनेड़ा रोड पर श्री अब्दुल्ला द्वारा भी लगभग 20 बीघा भूमि में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी।

प्राधिकरण ने इन सभी मामलों में अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए वाद योजित किए। इसके बावजूद अनधिकृत निर्माणकर्ताओं द्वारा निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया। इस पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अनधिकृत प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *