सरकारी स्कूलों में 8 मार्च 2026 तक बनेंगे गर्ल्स टॉयलेट

देहरादून। प्रदेश के सभी सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में 8 मार्च 2026 तक गर्ल्स टॉयलेट निर्माण कार्य पूर्ण किए जाएंगे। साथ ही स्कूलों में शौचालयों की नियमित सफाई और देखभाल के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी। यह निर्देश मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिव समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए। बैठक में सभी जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

मुख्य सचिव ने कहा कि कई स्कूलों में टॉयलेट तो बने हैं, लेकिन साफ-सफाई की व्यवस्था न होने से उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने शिक्षा विभाग को पूरे प्रदेश के स्कूलों के लिए टॉयलेट और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का वर्क प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को आदर्श आंगनवाड़ी की तर्ज पर विकसित करने, सीएसआर फंड के उपयोग, विश्वविद्यालयों द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र गोद लेने और नए केंद्र स्कूलों के पास खोलने पर जोर दिया। साथ ही खेल विभाग को खेल अधोसंरचना के अधिकतम उपयोग, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी शुरू करने और 2036 ओलंपिक को लक्ष्य बनाकर खिलाड़ियों को अभी से तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों में 100 प्रतिशत ई-ऑफिस व्यवस्था लागू करने, आधार आधारित बायोमैट्रिक उपस्थिति को वेतन प्रणाली से जोड़ने और पर्यटन विभाग को ‘वन स्टेट वन ग्लोबल डेस्टिनेशन’ के तहत प्रमुख पर्यटन स्थलों के चयन के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *