नव वर्ष पर स्वच्छता महा अभियान शुरू, 15 दिन चलेगा विशेष अभियान

धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और क्लीन मॉडल जनपद बनाने के उद्देश्य से नव वर्ष 2026 के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपदभर में स्वच्छता महा अभियान की शुरुआत की गई। विकास भवन परिसर में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने स्वयं सफाई कर अभियान का शुभारंभ किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान कूड़ा-कचरा एकत्र कर परिसर की साफ-सफाई की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में 15 दिनों तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसमें सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। अभियान में आमजन, जनप्रतिनिधि, धार्मिक संस्थान, व्यापार मंडल और गैर-सरकारी संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीते डेढ़ माह से चल रहे स्वच्छता अभियानों का सकारात्मक प्रभाव दिखने लगा है।

इसी क्रम में नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान के नेतृत्व में नगर मजिस्ट्रेट एवं जिला सूचना कार्यालय परिसर में भी सफाई अभियान चलाया गया। नगर निगम के पर्यावरण मित्रों के सहयोग से परिसर की व्यापक सफाई कराई गई। वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में भी स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। प्रशासन ने जनपदवासियों से स्वच्छ हरिद्वार, स्वस्थ हरिद्वार के निर्माण में सक्रिय सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *