धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं क्लीन जनपद बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशन तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में नववर्ष के अवसर पर जनपद में महा स्वच्छता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। बीते एक माह से अधिक समय से जारी इस अभियान का प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तथा प्रमुख सड़क मार्गों तक नियमित रूप से सफाई एवं झाड़ी कटान का कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल, जनप्रतिनिधियों, धार्मिक संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों से अपने घर, आंगन एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। अभियान के अंतर्गत बीएचईएल, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग एवं विभिन्न खंड विकास कार्यालयों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान संचालित किया गया है। जिला प्रशासन का संकल्प है कि हरिद्वार को एक स्वच्छ, सुंदर एवं मॉडल जनपद के रूप में विकसित किया जाए।