धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और क्लीन जनपद बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशन एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के मार्गदर्शन में नववर्ष के अवसर पर महा स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। बीते एक माह से अधिक समय से चल रहे इस अभियान का असर अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। शहर से लेकर गांव, कस्बों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख सड़क मार्गों पर नियमित रूप से साफ-सफाई की जा रही है।
शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा लक्सर क्षेत्र व एनएच-21 पर, जबकि लोक निर्माण विभाग द्वारा दूधाधारी चौक और भूपतवाला क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। राजाजी पार्क के कर्मचारियों ने मनसा देवी पैदल मार्ग की साफ-सफाई कर कचरा एकत्रित किया। बहादराबाद व रुड़की विकासखंडों में नालियों सहित व्यापक सफाई कार्य कराया गया। भगवानपुर क्षेत्र में महिला मंगल दल, सिडकुल सेक्टर-11 में झाड़ियों की कटान व नाली सफाई, तथा नवोदय नगर में स्थानीय लोगों ने श्रमदान किया।
रोटरी क्लब हरिद्वार द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर के छात्रों के साथ स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घर-आसपास साफ-सफाई रखें और अभियान में सक्रिय सहयोग कर हरिद्वार को मॉडल जनपद बनाने में सहभागी बनें।