हरिद्वार: महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी से मुलाकात कर जानलेवा चाइनीज मांझे की रोकथाम को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। सुनील सेठी ने कहा कि हर वर्ष यह मांझा कई लोगों, पशु-पक्षियों और आवारा पशुओं के घायल होने व मौत का कारण बन रहा है। यह चोरी-छिपे सीमा से आ रहा है, गुप्त रूप से सप्लाई हो रहा है और अब ऑनलाइन भी बेचा जा रहा है, जिससे सैकड़ों बच्चों तक इसकी पहुंच बन गई है।
उन्होंने मांग की कि सप्लायर, भंडारण करने वाले, विक्रेता, खरीददार और इस मांझे से पतंग उड़ाने वालों पर कठोरतम कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाया जाए। साथ ही ड्रोन से सघन चेकिंग अभियान चलाने और चेतावनी के बावजूद भंडारण करने वालों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की गई। महानगर उपाध्यक्ष सुनील मनोचा, कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल व सचिव युवराज बिष्ट ने कहा कि चंद लालची लोग आम जनता की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि अब छोटी कार्रवाई नहीं, बल्कि बड़े स्तर पर सख्ती जरूरी है। प्रतिनिधिमंडल में सोनू चौधरी, लालजी यादव, प्रीत कमल, मनोज कुमार, सुनील मनोचा व एस.के. सैनी मौजूद रहे।