उत्तरकाशी : मकर संक्रांति के अवसर पर उत्तरकाशी के ऐतिहासिक माघ मेले (बाड़ाहाट कू थौलू) का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंडार देवता और हरि महाराज की डोली के सानिध्य में विधिवत शुभारंभ किया। रामलीला मैदान में हुए उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने देवभूमि की संस्कृति से छेड़छाड़ न होने देने का संकल्प दोहराया और कहा कि सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास को भी समान रूप से आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पारदर्शिता के साथ 27 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार दिया गया है तथा युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उत्तरकाशी में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाएं, 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट, पुरोला में उप जिला अस्पताल और सिल्क्यारा टनल जैसे बड़े विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि 13 डिस्ट्रिक्ट-13 डेस्टिनेशन और वाइब्रेंट विलेज योजना से पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही राज्य में सख्त भू-कानून, समान नागरिक संहिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू की गई है। मुख्यमंत्री ने शक्ति मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।