देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीअन्न आधारित “शेफ संवाद” कार्यक्रम में वर्चुअल सहभागिता करते हुए उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों को “लोकल से ग्लोबल” पहचान दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी होटलों के मेन्यू में उत्तराखंडी व्यंजन शामिल करने, शेफों के लिए साझा प्लेटफॉर्म बनाने हेतु पर्यटन विभाग को प्रस्ताव तैयार करने तथा पारंपरिक व्यंजनों की शुद्धता और मानकीकरण पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीअन्न उत्तराखंड के समग्र विकास, रोजगार सृजन और किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। मंडुवा, झंगोरा, कोदा और रामदाना जैसी फसलें राज्य की जलवायु के अनुकूल और पोषण से भरपूर हैं। उन्होंने युवाओं से फूड स्टार्टअप, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने शेफों को संस्कृति का संवाहक और पर्यटन का ब्रांड एम्बेसडर बताते हुए कहा कि “शेफ संवाद” से निकले विचार उत्तराखंड के पर्यटन, रोजगार और सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा देंगे। कार्यक्रम में विधायक श्री बंशीधर भगत, आम्रपाली विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि तथा देशभर से आए प्रतिष्ठित शेफ उपस्थित रहे।