हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत 27 जनवरी को विकास खंड बहादराबाद की न्याय पंचायत जमालपुर कला तथा 28 जनवरी को विकास खंड भगवानपुर की न्याय पंचायत भलस्वागाज में प्रस्तावित बहुउद्देशीय शिविर अब परिवर्तित कार्यक्रम के अनुसार 7 फरवरी 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 27 जनवरी को यूसीसी दिवस तथा 28 जनवरी को भगवानपुर में उपचुनाव के कारण कार्यक्रम स्थगित किए गए थे। अब 7 फरवरी को प्रातः 10 बजे से जमालपुर कला के सामुदायिक भवन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में शिविर आयोजित होगा, जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। वहीं भेड़की सैदाबाद के पंचायत भवन में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए सहायक गन्ना आयुक्त को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता को दी जाएगी तथा मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जाएगा।