हरिद्वार। “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजनान्तर्गत महिला अधिकारों एवं समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विषय पर ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सचिव जिला विधिक प्राधिकरण/सीनियर सिविल जज सिमरनजीत कौर एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला में महिलाओं को उनके संवैधानिक व कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, हेल्पलाइन 15100, साइबर अपराध से बचाव, स्वास्थ्य एवं पोषण, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता तथा घरेलू हिंसा व नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण को सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया और योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। जिला बाल विकास अधिकारी धर्मवीर सिंह ने आभार व्यक्त किया तथा संचालन संतोष रावत ने किया।