हरिद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नई दिल्ली में केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री माननीय श्री भूपेंद्र यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान ऋषिकेश से आए प्रतिनिधिमंडल के साथ बापू ग्राम से संबंधित भूमि एवं स्थानीय जनता से जुड़े महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दों पर विस्तृत व सार्थक चर्चा हुई।
सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि बापू ग्राम क्षेत्र की समस्याएँ वहाँ निवासरत नागरिकों के अधिकार, आजीविका और भविष्य से सीधे तौर पर जुड़ी हैं। उन्होंने स्थानीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस विषय का व्यावहारिक, न्यायसंगत और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई।
केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने विषय की गंभीरता को समझते हुए इसे सकारात्मक दृष्टिकोण से विचाराधीन लेने तथा यथासंभव सहयोग और समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में बापू ग्राम बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक श्री रमेश जुगलान, पूर्व राज्यमंत्री श्री संदीप गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा ऋषिकेश श्री रविंद्र राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा परवादून श्री ज्योति सिंह सजवान, नगर निगम ऋषिकेश के पार्षद व सांसद प्रतिनिधि श्री राजेंद्र बिष्ट, समाजसेवी एवं व्यापारी नेता श्री रामकुमार कश्यप तथा पार्षद श्री बिजेंद्र रमोला उपस्थित रहे।