पत्रकारों के उत्पीड़न और फर्जी मुकदमों के खिलाफ कुमाऊं युवा प्रेस क्लब ने भरी हुंकार

रुद्रपुर। जनपद में पत्रकारों के साथ लगातार हो रहे उत्पीड़न, पुलिसिया बर्बरता और प्रतिशोध की भावना से दर्ज किए जा रहे फर्जी मुकदमों के विरोध में कुमाऊं युवा प्रेस क्लब ने जोरदार आवाज बुलंद की है। क्लब के अध्यक्ष सौरभ गंगवार के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम पंकज उपाध्याय के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को विस्तृत ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में जिले के मीडियाकर्मियों के भीतर व्याप्त असुरक्षा और रोष को स्पष्ट शब्दों में व्यक्त करते हुए कहा गया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रेस क्लब ने विशेष रूप से Bajpur, Kashipur और रुद्रपुर के तीन गंभीर प्रकरणों को प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल उच्चस्तरीय हस्तक्षेप और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बाजपुर के पत्रकार विमल भारती के मामले को गंभीरता से उठाया। आरोप है कि विभागीय भ्रष्टाचार की खबरें उजागर करने के बाद 13 नवंबर 2025 को बिना पूर्व सूचना पुलिस ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की, हिरासत में लेकर बन्नाखेड़ा चौकी में अमानवीय व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अब तक संबंधित पुलिसकर्मियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इसी क्रम में काशीपुर के पत्रकार हिमांशु ठाकुर पर दर्ज मुकदमे को पूरी तरह आधारहीन और फर्जी बताते हुए कहा गया कि बिना साक्ष्यों और ऑडियो की गहन जांच के मुकदमा दर्ज करना स्वतंत्र पत्रकारिता को दबाने का प्रयास है। वहीं रुद्रपुर के वरिष्ठ पत्रकार रूपेश सिंह के विरुद्ध असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर की जा रही अभद्र टिप्पणियों पर भी कड़ा विरोध जताया गया।
कुमाऊं युवा प्रेस क्लब ने मांग की कि तीनों मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पत्रकारों पर दर्ज फर्जी मुकदमे तत्काल निरस्त किए जाएं तथा दोषी पुलिस अधिकारियों को चिन्हित कर सेवा से बर्खास्त या दंडित किया जाए। ज्ञापन में कहा गया कि “मित्र पुलिस” के नारे को व्यवहार में लागू किया जाए और पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पत्रकारों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ और न्याय नहीं मिला, तो जनपद का समस्त पत्रकार समुदाय सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को विवश होगा।
इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष सौरभ गंगवार, केंद्रीय महामंत्री हरविंदर सिंह चावला, केंद्रीय उपाध्यक्ष ललित राठौर, वरिष्ठ पत्रकार रूपेश सिंह, महानगर संरक्षक बरजीत सिंह, महानगर अध्यक्ष भानु चुग, महानगर महामंत्री अभिषेक शर्मा, महानगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यजीत सरकार, महानगर उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह गिल, महानगर उप सचिव विजय गुप्ता, महानगर सोशल मीडिया प्रभारी आकाश गंगवार सहित महेंद्र पाल मौर्य, राकेश अरोड़ा, दीपक शर्मा, राजकुमार शर्मा, शुभोधुति मंडल, गोपाल भारती, सुरभूतों गोस्वामी, संजीव गायन, नरेंद्र राठौड़, अमन सिंह, सूरज सिंह, कश्मीर राणा और आशीष छाबड़ा समेत बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *