वरिष्ठजनों के सम्मान को समर्पित भव्य शपथ एवं सम्मान समारोह

हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और संगठनात्मक एकजुटता का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला जब प्रेस क्लब सभागार में सीनियर सिटीजन वेलफेयर समिति का शपथ ग्रहण समारोह एवं वरिष्ठतम नागरिक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। लगभग एक वर्ष पूर्व गठित इस संस्था का हाल ही में पंजीकरण होने के बाद यह पहला औपचारिक कार्यक्रम था, जिसमें शहर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात संस्था के संरक्षक महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, विशिष्ट अतिथि राजेश टंडन तथा दर्जा मंत्री नवीन चंद्र वर्मा ने अध्यक्ष अम्बरीश रस्तोगी, महामंत्री पं. गोपाल कृष्ण बडोला, कोषाध्यक्ष एड. राकेश कुमार गुप्ता सहित पूरी कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मुख्य अतिथि नवीन चंद्र वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार वरिष्ठ नागरिकों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग के माध्यम से वरिष्ठ जनों की समस्याओं के समाधान और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को भी तेज करने की बात कही।

विशिष्ट अतिथि राजेश टंडन ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उन्हें अपने अनुभवों से नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करना चाहिए। वहीं स्वामी ललितानंद गिरी ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन हेतु न्यूनतम 5000 रुपये मासिक पेंशन की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। बृजभूषण विद्यार्थी ने सुझाव दिया कि वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन व अन्य सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सरल व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार अरोड़ा, समाजसेवी शंभूनाथ शर्मा, 100 वर्ष से अधिक आयु के लाल सिंह, चिकित्सक डा. दीपा शर्मा एवं डा. डीएन बत्रा, समाजसेवी मोहनलाल ममगई, नरेंद्र कुमार शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता चौधरी चरण सिंह, वरिष्ठ व्यवसायी दाऊ दयाल तथा सुधा रानी गुप्ता शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन मीडिया प्रभारी सुभाष कपिल ने किया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाना और उनके लिए बेहतर स्वास्थ्य, पेंशन व सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम की सफलता में गुलशन नैय्यर, चोखेलाल, श्रवण गुप्ता, सतीश गुजराल, डा. हिमांशु द्विवेदी, डा. अशोक गिरी, अपराजिता और सपन की विशेष भूमिका रही।

समारोह ने यह संदेश दिया कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *