हरिद्वार।
जनपद में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वालापुर कटहरा बाजार स्थित एवरग्रीन पॉलिपैक पर छापा मारा। उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम व पुलिस बल ने दुकान से करीब छह कुंतल प्रतिबंधित पॉलीथिन बैग बरामद कर जब्त कर लिए।
प्रशासन ने अनाधिकृत पॉलीथिन के भंडारण व बिक्री के आरोप में दुकानदार पर एक लाख रुपये का चालान किया है। कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई।
एसडीएम ने कहा कि जनपद में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान रेल चौकी ज्वालापुर प्रभारी खेमेंद्र गंगवार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।