नगर निकाय चुनाव के लिए 60 प्रतिशत मतदान, 25 जनवरी को आएंगे नतीजे

उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह 8 बजे शुरू हुए मतदान में लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभी आयु वर्ग के मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। 100 नगर निकायों के लिए हुए इस चुनाव में 11 नगर निगम, 43 नगर पालिका परिषद और 46 नगर पंचायतों के लिए 5405 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया। राज्य में लगभग 60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 30,29,028 पंजीकृत मतदाताओं में 14,66,151 महिलाएं, 15,62,349 पुरुष और 528 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। देहरादून जिले में सर्वाधिक 9,98,231 मतदाता थे, जबकि रुद्रप्रयाग में सबसे कम 18,237 मतदाता थे।

जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, देहरादून में 4,85,103 महिलाएं और 5,13,080 पुरुष मतदाता थे। हरिद्वार में 5,87,127 मतदाताओं में 2,79,924 महिलाएं और 3,07,053 पुरुष शामिल थे। उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, और चमोली जिलों में भी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। कुमाऊं मंडल के जिलों में नैनीताल में सर्वाधिक 3,43,824 मतदाता थे, जबकि चंपावत में 33,689 मतदाता शामिल थे।

मतदान से पहले ही एक नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, दो नगर पंचायत अध्यक्ष और 44 अन्य पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इनमें 14 नगर निगम सभासद, 20 नगर पालिका परिषद सदस्य और 10 नगर पंचायत सदस्य शामिल हैं। मतदान के नतीजे 25 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *