हरिद्वार। नवागंतुक जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने 4 जुलाई से प्रारम्भ होने वाले कांवड़ मेला-2023 के विषय में एक बैठक आयोजित की। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने भी प्रतिभाग किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पी.एल. शाह ने कांवड़ मेला के एजेण्डा बिन्दुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुये बताया कि सभी विभागों ने कांवड़ मेले में विभागों के कार्य का व्यय आकलन प्रस्तुत कर स्वीकृति के लिये शासन को प्रेषित कर दिया है।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कांवड़ पट्टी/गंगनहर पट्टी मार्ग की मरम्मत समेत झाड़ी कटान, घाटों की सफाई व जंजीर व्यवस्था पर वार्ता की। उन्होेंने अधिकारियों से कहा कि पार्किंग के टेण्डर करते समय उसमें शौचालय, विद्युत आदि की व्यवस्था भी शामिल करें। पार्किंग में प्रवेश द्वार तथा निकास द्वार के लिए पुलिस तथा सम्बन्धित विभागों के साथ सामंजस्य बनाये। अधिकारियों ने बताया कि कावंड़ पट्टी के पैच वर्क प्रारम्भ कर दिये गये हैं।
जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों से कांवड़ मेले के दौरान हिल बाई पास, चीला मार्ग के उपयोग, जंगली जानवरों से सुरक्षा तथा चण्डीदेवी, मनसा देवी फुटपाथ की मरम्मत के विषय में वार्ता की तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को आदेष दिये कांवड़ मेला क्षेत्र में समुचित प्रकाश व्यवस्था की जाए। जल संस्थान/पेयजल निगम के अधिकारियों से सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था के आदेष दिये। उन्होंने नगर निगम हरिद्वार तथा रूड़की को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण नगर निगम क्षेत्रों में साफ-सफाई, पानी की व्यवस्था आदि पर विशेष ध्यान दिया जाये। मुख्य चिकित्साधिकारी से कांवड़ मेले में मेडिकल कैम्प, एम्बुलेंस, सरकारी तथा निजी अस्पतालों तथा उनमें बिस्तरों की संख्या, दवा की व्यवस्था आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि कांवड़ पट्टी के कुल आठ मार्ग हैं तथा पूर्ति विभाग के अधिकारियों को मेले के दौरान ओवर रेटिंग पर विशेष ध्यान देने के आदेष दिये। बैठक में पुलिस व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा, पर्यटन, गंगा संरक्षण ईकाई से विस्तृत विचार-विमर्श किया।