हरिद्वार। गंगानगरी में विद्युत विभाग की लापरवाही की वजह से यात्रियों, व्यापारियों व स्थानीय जनता को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत लोड की वजह से बार-बार ट्रिपिंग होने के कारण अंधेरा होने से हरकी पौड़ी पर आरती के समय व उतरी हरिद्वार के बाजारों में रात्रि के समय आमजनमानस को परेशानी झेलनी पड़ती है। समस्या से निपटने के लिए अधिकारियों को फोन करने पर उनके फोन बन्द रहते हैं।
समस्या के निस्तारण के लिये महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने जिलाधिकारी को आगामी कावड़ यात्रा से पूर्व विद्युत विभाग की कमियाँ पूरी करने के लिये शिकायती पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि इस समय चार धाम यात्रा सीजन चल रहा है। गर्मी अपने चरम पर है। विद्युत विभाग की ओर से छोटी-छोटी कमियों की सीजन से पहले जाँच नहीं की जाती तथा बाद में जनता को परेशानी उठानी पड़ती है। समस्या का समाधान कावड़ यात्रा से पहले सुधारा नहीं गया तो बड़ी चुनोतियों का सामना करना पड़ सकता है।
जिलाधिकारी से माँग की गयी है कि विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि सप्लाई सुचारू रखने में जो कमियां है उन्हें जनता से संवाद कर पूरा किया जाए।