हरिद्वार। भेल स्थित कन्वेंशन हॉल में जिला चुनाव अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने मतगणना सुपरवाईजर, मतगणना सहायक व माइक्रो ऑब्जर्वर के प्रशिक्षण हेतु दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होने निर्देश दिये कि मतगणना के लिए आवंटित कार्यों का निष्पक्ष तथा कुशल संचालन कर अपनी योग्यता एवं कार्य कुशलता का परिचय दे।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया का अंतिम चरण मतगणना है जोकि अति महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए मतगणना कार्य को त्रुटि रहित संपन्न करें । उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि जिस तरह अपने दायित्वों का पालन करते हुए मतदान शांतिपूर्ण रूप से संभव हुआ, मतगणना में भी ऐसी ही कर्मठता दिखानी होगी। अगर किसी भी प्रकार की समस्या हो तो समाधान प्रशिक्षण सत्र के दौरान ही करें ताकि मतगणना के दिन कोई त्रुटि ना हो, बल्कि जरुरत पड़ने पर एआरओ, आरओ की सहायता ले। उन्होंने कहा ईटीपीबीएस की स्कैनिंग व पोस्टल मतगणना में विशेष ध्यान व सावधानी रखी जाए। आगे जाकर मतगणना के बाद निर्धारित प्रपत्रों को भरा जाएगा और मशीनों को सुरक्षित रखा जाएगा।
नोडल अधिकारी प्रशिक्षण केएन तिवारी और मास्टर ट्रेनर डॉ. संतोष चमोला ने बताया कि प्रातः 8 बजे से पोस्टल बैलेट की गणना शुरू होगी। इसके आधे घंटे के बाद ईवीएम मशीन की मतगणना होगी। इसलिए सभी कर्मचारियों को प्रातः 6 बजे तक मतगणना स्थल पर पहुंचना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि एजेंट्स को विधानसभा और टेबल के अनुसार तैनात किया जाएगा, और वे अपनी स्थिति को बदलने का कोई अधिकार नहीं होगा।
प्रशिक्षण के दौरान सभी कर्मचारियों को सैद्धांतिक और व्यावहारिक शिक्षा दी गई। उन्हें कैरिंग केस और कंट्रोल यूनिट की सील खोलने से पहले सभी टैग की जाँच करने व ईवीएम से मतगणना और आवश्यक दस्तावेजों को भरने की प्रक्रिया पर शिक्षा भी दी गई। इसके अलावा, वीवीपैट मशीन से पर्चियों की गणना, संभावित त्रुटियों का समाधान, और अन्य जरूरी विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी मनीष सिंह, अजयवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चैहान, डॉ.संतोष चमोला आदि अधिकारी उपस्थित थे।