हरिद्वार। रानीपुर विधायक आदेश चैहान ने क्षेत्रीय जनता को टोल शुल्क से मुक्ति दिलाने के लिए मुख्यमंत्री व सांसद को ज्ञापन सौंपा है। जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिल सके। इससे पहले भी एनएचएआई ने 20 किलोमीटर की दूरी में क्षेत्रीय जनता को टोल शुल्क से मुक्त रखने की बात कही थी।
आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हरिद्वार आवागमन हुआ। इसी बीच रानीपुर विधायक आदेश चैहान ने बहादराबाद टोल प्लाजा पर क्षेत्रीय जनता से शुल्क वसूली का मुद्दा उठाते हुए व टोल शुल्क से मुक्ति दिलाने के लिये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ज्ञापन दिया।
उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि यह टोल प्लाजा नेशनल हाईवे 334 दिल्ली-हरिद्वार मार्ग पर ग्राम बौंगला के पास स्थित है। जिसके नजदीक सिडकुल व औद्योगिक इकाइयां होने के कारण क्षेत्रीय नागरिकों को रोजाना टोल से आना जाना पड़ता है। जिसके चलते क्षेत्रीय नागरिकों को अपना परिचय पत्र दिखाना पड़ता है, इसके बाद भी टोलकर्मी अपनी मनमर्जी करते हैं और अवैध टोल शुल्क वसूलते हैं, जिसके चलते आए दिन लड़ाई झगड़े तथा धरने- प्रदर्शन होते रहते हैं।
इन परिस्थितियों के कारण क्षेत्रीय नागरिकों का सरकार के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी एनएचएआई ने 20 किलोमीटर की दूरी में निवास करने वाले नागरिकों को टोल शुल्क से मुक्त करने की बात कही थी।
