हरिद्वार। आज पूरे देशभर में 10वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर धर्मनगरी में भी जगह-जगह योग शिविरों का आयोजन किया गया। आज मालवीय दीप हर की पौड़ी पर आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन एवं जिला गंगा रक्षा समिति की ओर से योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और योग साधकों ने योग की गंगा में डुबकी लगाई।
योग शिविर का शुभारंभ आशीष भैय्या, विधायक मदन कौशिक, जिला अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला आयुष और यूनानी अधिकारी डॉक्टर स्वास्तिक ने अतिथियों को पटका और रुद्राक्ष की माला पहनाकर उनका स्वागत किया। शिविर में योगाचार्यो ने योग साधकों और अतिथियों को सामान्य योगाभ्यास क्रम के अनुसार योग अभ्यास कराया। साथ ही वंदे मातरम कुंज के छात्रों ने योग नृत्य तथा योग चैंपियन रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम कनखल की डायाचैंप विशिका ने विशिष्ट योग का प्रदर्शन किया।
योग शिविर के दौरान अध्यक्ष नगर विधायक मदन कौशिक ने दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति का उपहार है, आज के दिन जब दुनिया के लोग अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में सम्मिलित होते हैं तो भारत का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ता है।
मुख्य अतिथि डॉ. आशीष गौतम ने कहा कि योग शरीर और मन के लिए महत्वपूर्ण है, उसी तरह पोषण के माध्यम से अच्छे स्वास्थ्य को बढ़ाने के लिए बाजरा जैसे सुपर फूड्स का उपयोग भी जरूरी है। इसे श्री अन्न के रूप में भी जाना जाता है।