हरिद्वार। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने कावड़ मेला तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कावड़ियों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, सभी विभागीय अधिकारी आपसी तालमेल बनाकर कार्य करें। विगत वर्षों के अनुभवों का प्रयोग करते हुये इस वर्ष भी यात्रा को और अधिक सरल व सुगमता से कराए जाने के निर्देश दिए, कहा कि पेयजल व शौचालय की सुविधाओं का विशेष ध्यान दिया जाए।
आज जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने कावड़ यात्रा हेतु चल रही तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कावड़ यात्रा के दौरान आवश्यक टैण्डर्स शीघ्रता से कराते हुए कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग से चिन्हित जगहों पर जनरेटरों की व्यवस्था, झूलते हुए तारों एवं क्षतिग्रस्त पोल को सही कराने के निर्देश दिए। नगर निगम तथा जिला पंचायत को 5 अगस्त से सफाई अभियान चलाने व कांवड़ मार्ग पर सड़क के किनारे झाड़ियों की सफाई समय से करने को कहा। साथ ही कहा यात्रा के दौरान सुबह की जाने वाली सफाई रात्रि 1 बजे से 4 बजे के बीच कराई जाये। उन्होंने एनएच तथा लोनिवि के अधिकारियों से कहा कि कांवड़ हाईवे को गड्ढा मुक्त कराने के लिए तेजी से कार्य पूरा कराया जाए।
कांवड यात्रा के दौरान उन्होंने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात करने तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेट्स लगाने के निर्देश जारी किए। साथ ही चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से खाली मैदानों में मेडिकल कैम्प लगाने व पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाईयां रखने की सलाह दी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पीएल शाह, दीपेन्द्र सिंह नेगी, संयुक्त मजिस्ट्रेट देवेश शासनी, उप जिलाधिकारी मनीष सिंह, अजयवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चैहान, अधिशासी अभियंता लोनिवि एस तोमर अनेक अधिकारी उपस्थित थे।