हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में सप्तऋषि फ्लाईओवर पर एक संदिग्ध हालात में देहरादून में तैनात कॉन्स्टेबल कैलाश भट्ट का शव मिला है। शव की पहचान होते ही यह पता चला कि मृतक का शरीर अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था, और शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कैलाश भट्ट 18 अगस्त को भराड़ीसैंण (गैरसैंण) विधानसभा के मॉनसून सत्र में ड्यूटी के लिए गए थे, लेकिन वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इस कारण उनके परिवार ने हरिद्वार कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। कैलाश भट्ट रुद्रप्रयाग के तिमली गांव के निवासी थे।
रविवार देर रात कैलाश भट्ट का शव सप्तऋषि फ्लाईओवर पर मिला। पास में ही उनकी कार भी खड़ी थी, जिसमें उनकी वर्दी और अन्य सामान मौजूद था।
एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। सोमवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमॉर्टम किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी, और जांच के बाद पूरी स्थिति सामने आएगी।