हरिद्वार। ज्वालापुर और गंगनहर क्षेत्र में विगत दिनों हुई महिलाओं से लूट के वाछिंत आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लुटेरे से लूटी हुई चैन, पैण्डेंट, तमंचा, जिन्दा कारतूस व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपी बार-बार ठिकाने बदल रहा था। कथित पार्टनर को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
दरअसल, विगत 3 सितम्बर को आर्य नगर निवासी एक महिला ने ज्वालापुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सुबह की सैर पर जा रही थी, तभी अवधूत मंडल आश्रम के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवकों ने झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीन ली। इससे पहले इन्हीं युवकों पर कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में दो महिलाओं को डराकर आभूषण लूटने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवक अकेली महिलाओं को देख उन्हें टार्गेट बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। दिनदहाड़े महिला के साथ हुई लूट की घटनाओं से शहर से लेकर देहात तक सनसनी फैल गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के दिए गए निर्देशों पर कार्रवाई कर रही पुलिस ने विगत 5 सितम्बर को एक बाल अपचारी को अपने संरक्षण में लेकर बाल सुधार गृह भेजा था। जबकि, दूसरा युवक वांछित चल रहा था।
विगत रात्रि पुलिस बहादराबाद क्षेत्र में चैकिंग अभियान चला रही थी, तभी एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल को आता देख चालक को रोकने का प्रयास किया, तब वह भागने लगा। पुलिस को अपना पीछा करते देख युवक का संतुलन बिगड़ गया और उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई। पुलिस ने युवक को घेराबंदी कर रैगुलेटर पुल से बहादराबाद जाने वाली पुरानी नहर पटरी पर धर दबोचा।
पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान वांछित आरोपी प्रशांन्त पुत्र छोटेलाल निवासी ग्राम भूरनी लक्सर के रूप में हुई। उसने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की घटनों को करना स्वीकारा। बताया कि पब्लिक द्वारा पकड़ने का प्रयास करने पर तमंचे से हवाई फायर भी किया था।
पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई चैन, पैण्डेंट, तमंचा व जिन्दा कारतूस व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। सड़क पर गिरने से युवक घायल हो गया था, जिसे राजकीय चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार दिलाया गया।