हरिद्वार। क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने चोरी की छःं बाईक सहित गिरफ्तार किया है। इनमें रविवार को पथरी से चोरी हुई अमरीश निवासी धारी वाला की बाइक भी शामिल है। पुलिस ने तीनों चोरों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पथरी थाना उप निरीक्षक नवीन चौहान ने बताया कि रविवार को पथरी क्षेत्र के धारी वाला निवासी अमरीश पुत्र करणपाल की बाइक चोरी हो गई थी। थाने में अमरीश की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने रविवार को अज्ञात चोर के खिलाफ बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद पथरी थाना उप निरीक्षक ने एक टीम का गठन किया। जिसके चलते पथरी पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों के विरुद्ध चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने पदार्था से तीन संदिग्धों व्यक्यिों को जाते देखा। पूछताछ में पुलिस को उन्होंने अपनी पहचान अमित पुत्र मेघराज निवासी झीवांरेडी, लक्सर, शुभम सिंह पुत्र श्याम सिंह निवासी गोवर्धनपुर खानपुर व ऋतिक पुत्र गोविंद निवासी हिरनाखेड़ी लक्सर बताई है।
उप निरीक्षक नवीन चौहान ने बताया कि आरोपियों की निशांदेही पर अलग-अलग जगहों से चोरी की 6 मोटर साइकिलें बरामद की गई। आरोपी कम पढ़े लिखे हैं जो नशे के आदी हैं नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस टीम में उप निरीक्षक नवीन चौहान, अपर उप निरीक्षक नन्द किशोर, हेड कांस्टेबल शिवराज, कांस्टेबल जयपाल चौहान, मुकेश चौहान व वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।