खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, कहा- अगली बार मेडल के साथ सेल्फी लूंगी

हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में आज खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा, ‘अगली बार जब आप मेरे साथ सेल्फी लो, तब आपके गले में मेडल होना चाहिए।’

रेखा आर्या 38वें राष्ट्रीय खेलों में शामिल होने वाली उत्तराखंड की कबड्डी और हॉकी टीमों से मिलने पहुंचीं। उन्होंने कबड्डी और हॉकी के आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया और महिला एवं पुरुष टीमों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के साथ हॉकी खेली और उनकी मांग पर फोटो भी खिंचवाई।

खेल मंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य राष्ट्रीय खेलों में मेडल जीतना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के भविष्य संवारने की गारंटी लेती है, बस खिलाड़ी अपने खेल पर फोकस करें।

इसके बाद खेल मंत्री ने पुलिस लाइन में क्लारिपट्टू के आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि आयोजन स्थल 25 जनवरी को तैयार होकर वेन्यू मैनेजर को सौंप दिया जाएगा।

पत्रकारों से बातचीत में खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के लिए बनाई गई खेल सुविधाओं का सुचारू रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए सरकार एक नीति तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले स्टेडियम निर्माण को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे, लेकिन अब उनकी देखभाल पर चर्चा हो रही है। यह सरकार की बड़ी उपलब्धि है।

खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के सभी इवेंट अपने प्रदेश में कराने में सक्षम होना उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का लाभ भविष्य में मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर 2036 में भारत को ओलंपिक की मेजबानी मिलती है तो उत्तराखंड भी कुछ इवेंट की मेजबानी करने का दावा करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *