38वें राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ पर अव्यवस्थाओं का बोलबाला देखने को मिला, जहां भीड़ के चलते व्यवस्थाएं पूरी तरह ठप हो गईं। हजारों लोग स्टेडियम में प्रवेश पाने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए, लेकिन स्टेडियम पहले ही दर्शकों से भर चुका था। स्थिति यह रही कि वीआईपी और वीवीआईपी पास धारक भी बाहर खड़े नजर आए, जबकि आम जनता भी प्रवेश पाने के लिए संघर्ष कर रही थी। इस अव्यवस्था के चलते स्टेडियम के बाहर पुलिस और दर्शकों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। दर्शकों ने आरोप लगाया कि आयोजकों ने क्षमता से अधिक पास वितरित कर दिए, जिससे यह हालात पैदा हुए। यह अव्यवस्था राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ जैसे भव्य आयोजन की चमक को फीका कर गई और आयोजकों की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए।