हरिद्वार। सावन माह में मुजफ्फरनगर से कांवड़ लेने आए युवक के लापता होने पर कनखल पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की है। पुलिस को अनिल कुमार त्यागी निवासी गांव खाईखेड़ी, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर ने बताया कि उसका 19 वर्षीय बेटा वरुण त्यागी अपने दोस्त शिवम के साथ विगत 18 जुलाई को कांवड़ लेने हरिद्वार आया था। हरकी पैड़ी से जल भरने के बाद जब वे सिंहद्वार चैराहे के पास पहुंचे, तो चैधरी चरण सिंह घाट के सामने नहाते समय वरुण गंगा में डूब गया।
परिजन और स्थानीय लोग उसकी तलाश में जुटे, लेकिन अब तक वरुण का कोई सुराग नहीं मिल सका है। एसओ कनखल मनोज नौटियाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।