एक करोड़ की ठगी के मामले में दो पत्रकारों पर मुकदमा दर्ज

काशीपुर। शहर के एक प्रॉपर्टी डीलर से पुलिस के नाम पर करीब एक करोड रुपए की ठगी करने के मामले में काशीपुर के दो पत्रकारों पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है, मामले की जांच के लिए काशीपुर कोतवाल के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है। 

 इस चर्चित मामले को लेकर आज एसपी अभय प्रताप सिंह ने अपने कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता बुलाकर बताया कि कल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के जनता दरबार में चामुंडा विहार निवासी प्रॉपर्टी डीलर सौरभ अग्रवाल ने एक तहरीर देकर काशीपुर के पत्रकार विकास गुप्ता व लवप्रीत सिंह पर आरोप लगाया था कि इन दोनों ने पुलिस के नाम पर उसके साथ ठगी करते हुए 54 लाख 50 हजार नगद रकम ले ली और डरा धमका कर तीन प्लाटों की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। इस मामले को लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने इस मामले में आज पत्रकार विकास गुप्ता व लवप्रीत सिंह पर ठगी और धमकाने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच के लिए काशीपुर कोतवाल अमर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम गठित की गई है जो कि सारे मामले की जांच करेगी और दी गई वीडियो फुटेज की प्रमाणिकता को परखेगी। उन्होंने बताया कि जांच के बाद इस मामले में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *