जिलाधिकारी ने भारापुर में लगाया जनता दरबार, अधिकांश समस्याओं का मौके पर निस्तारण

भारापुर/रुड़की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय भारापुर में जनता दरबार लगाया और क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। दरबार में जमीन कब्जा मुक्त कराने, राशन कार्ड, सड़क मरम्मत और पेंशन समेत कुल 33 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर किया गया। ग्राम प्रधान कविता रानी ने जिलाधिकारी का स्वागत किया।

बरसात में रतमऊ नदी से होने वाली बाढ़ पर तटबंध बनाने के निर्देश सिंचाई विभाग को दिए गए। विकलांग पात्रता के तहत सोनू और रशीद को बैटरी रिक्शा दिलाने के आदेश जिला समाज कल्याण अधिकारी को मिले। बिजली के तार नीचे होने की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए गए। गांव में पानी निकासी और बाईपास रोड के लिए पीडब्ल्यूडी को कार्यवाही के निर्देश मिले। उप प्रधान मोहम्मद अली शेर ने रतमऊ नदी पर पुल की मांग रखी।

किसानों के खेत कटान, वाल्मीकि मंदिर निर्माण और नशे के खिलाफ शिकायतों पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महिलाओं की शिकायत पर पुलिस को 15 दिन में रिपोर्ट देने के आदेश हुए। चिकित्सा सुविधा के लिए सीएमओ को मोबाइल वैन और कैंप लगाने के निर्देश मिले। राशन कार्ड, चक रोड कब्जा और अन्य समस्याओं पर भी तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।

बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आशीष मिश्रा, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, विकास अधिकारी वेद प्रकाश, सीएमओ डॉ. आरके सिंह, एसडीएम प्रेमलाल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *