देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार, अतिक्रमण और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्षों के दौरान सरकार ने कई चुनौतियों का सामना किया, लेकिन हर स्थिति में जनता के बीच खड़े होकर समाधान निकाला। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेज़ी से विकास कर रहा है और यह दशक निश्चित रूप से उत्तराखंड का होगा।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को सीएम आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को साझा किया और भविष्य की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनावों से पहले कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना था कि उत्तराखंड में भाजपा की सरकार वापसी नहीं कर पाएगी, लेकिन जनता के आशीर्वाद से दोबारा सरकार बनी। बीते तीन वर्षों में सरकार ने कई चुनौतियों का सामना किया, चाहे वह रैणी, सिल्क्यारा, केदार घाटी की आपदा हो या हाल ही में माणा की स्थिति, सरकार ने हर बार ज़मीनी स्तर पर जाकर समस्याओं का समाधान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, उसमें उत्तराखंड अपनी पूरी सामर्थ्य के साथ योगदान दे रहा है। उन्होंने राज्य में कनेक्टिविटी के विस्तार का ज़िक्र करते हुए कहा कि सरकार उत्तराखंड की क्षमताओं के अनुरूप ढांचागत विकास सुनिश्चित कर रही है। अवैध निर्माण, कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी और भ्रष्टाचार पर और कठोर प्रहार किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार यूसीसी, भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण विषयों को ठंडे बस्ते में डालने के बजाय ठोस फैसले ले रही है। उन्होंने महिलाओं के लिए 30% आरक्षण और ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं के ज़रिए मातृशक्ति के सशक्तिकरण के प्रयासों का उल्लेख किया। इसके अलावा, राज्य आंदोलनकारियों के लिए 10% क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है और प्रवासी उत्तराखंडियों को राज्य से जोड़ने के लिए विशेष सम्मेलन आयोजित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में उत्तराखंड देश में 13वें स्थान पर है, जो सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और जी-20 बैठकों के आयोजन से राज्य को दूरगामी लाभ मिला है। सतत विकास लक्ष्यों के इंडेक्स में उत्तराखंड का देश में पहला स्थान हासिल करना एक बड़ी उपलब्धि है। रजत जयंती वर्ष में राज्य का वार्षिक बजट एक लाख करोड़ रुपये पार कर जाना यह दर्शाता है कि चुनौतियों के बावजूद हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 के कुंभ और उसके बाद नंदा राजजात यात्रा की तैयारियों का भी ज़िक्र किया। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से मिली सफलता पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चारधाम यात्रा, शीतकालीन यात्रा और अन्य पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देकर उत्तराखंड में पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।