काशीपुर। केदारनाथ में हुई हेली दुर्घटना को लेकर महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने केंद्रीय उड्डयन मंत्री को पत्र भेजकर दोषी हेली सेवा प्रबंधन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और चारधाम में संचालित हो रही सभी हेली सेवाओं पर आजीवन प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
सुनील सेठी ने कहा कि केदारनाथ सहित चारधाम क्षेत्रों में नियमों को ताक पर रखकर हेली सेवाएं चलाई जा रही हैं। न तो समय सीमा का पालन किया जाता है और न ही सुरक्षा मानकों का। हेली प्रबंधन महज मुनाफे के लिए श्रद्धालुओं की जान जोखिम में डाल रहा है। उन्होंने कहा कि आज की दुर्घटना भी तय समय के विपरीत हेली उड़ान भरने के कारण हुई है।
उन्होंने बताया कि हेली सेवाओं के संचालन में पूरी तरह लापरवाही बरती जा रही है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी, टिकटों की कालाबाजारी और बिना रुके लगातार उड़ानों के कारण हादसे हो रहे हैं। हेली लैंडिंग के बाद बिना इंजन बंद किए ही नई सवारी बैठाई जाती है, जो सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक है। इसके अलावा लगातार उड़ानों से केदारघाटी का पर्यावरण भी प्रभावित हो रहा है।
सेठी ने मांग की कि दोषी हेली सेवा एजेंसी को तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाए और उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो। उन्होंने कहा कि जब तक इन सेवाओं पर कोई ठोस निगरानी नहीं होती, तब तक इन्हें पूर्ण रूप से बंद कर देना ही उचित होगा।
इस मांग पत्र पर प्रीत कमल, सुनील मनोचा, सोनू चौधरी, रवि बांगा, अनिल कोरी, एस.के. सैनी, महेश सिंह, राकेश सिंह, अनिल अरोड़ा, हरीश शर्मा और देवेंद्र अरोड़ा के हस्ताक्षर भी शामिल हैं।