हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में कांवड़ यात्रा के दौरान भारी बारिश के बावजूद जिला प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी से डटे हुए हैं। डीएम ने बताया कि श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद और सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभाग समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यात्रा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त की गई है और अन्य राज्यों से भी सतत समन्वय किया जा रहा है।
डीएम ने बताया कि विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बारिश के कारण कोई हादसा न हो। कांवड़ क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण के लिए पर्यावरण मित्रों की मदद से समुचित प्रबंध किए गए हैं। बरसात के बीच किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए एनाउंसमेंट के जरिए श्रद्धालुओं को लगातार सतर्क किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के बाद 23 जुलाई से तीन दिवसीय विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। हरकी पैड़ी, कांवड़ मार्ग, नहर पटरी और पार्किंग स्थलों सहित पूरे शहर की सफाई 26 जुलाई तक पूरी की जाएगी। इसके लिए नगर निगम, नगर पंचायत, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और वन विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है।