रिस्पना-बिंदाल पर बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर, मसूरी रोड पर भी तेजी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में लोक निर्माण विभाग की “गेम चेंजर” योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि रिस्पना और बिंदाल नदी पर बनने वाले 4 लेन एलिवेटेड रोड की सभी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जाएं। आशारोड़ी से मोहकमपुर तक रिंग रोड और यूटिलिटी डक्ट पॉलिसी पर भी काम में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों के निर्माण में नई तकनीक अपनाई जाए, खराब पुलों की मरम्मत प्राथमिकता पर हो और भूस्खलन प्रभावित इलाकों में जियोसिंथेटिक रिटेनिंग वॉल जैसी टिकाऊ तकनीक का उपयोग हो। सड़कें गड्ढा मुक्त हों, इसके लिए अभियान निरंतर चलाया जाए।

उन्होंने केदारखंड-मानसखंड की कनेक्टिविटी सुधारने, देहरादून-मसूरी वैकल्पिक मार्गों पर तेजी से कार्य करने और हल्द्वानी-दिल्ली जैसे प्रमुख मार्गों को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। सचिव डॉ. पंकज पांडेय ने बताया कि रिस्पना पर 11 किमी और बिंदाल पर 15 किमी लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर की स्टडी पूरी हो चुकी है, भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। देहरादून रिंग रोड और मसूरी कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट की रिपोर्ट भी तैयार हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *