काशीपुर। मंडी समिति काशीपुर में तैनात प्रभारी मण्डी सचिव पूरन सैनी को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने ₹1,20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पूरन सैनी पर आरोप था कि वे मंडी में लाइसेंस बनवाने के लिए प्रति लाइसेंस ₹60,000 की अवैध राशि मांग रहे थे। शिकायत मिलने पर सतर्कता विभाग ने जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया और उन्हें रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।
सतर्कता टीम ने पूरन सैनी को रिश्वत की रकम के साथ मौके से गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।