भगवानपुर, 24 जुलाई: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आज तहसील एवं विकासखंड भगवानपुर का औचक निरीक्षण कर कार्यालयों में पारदर्शिता और समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने, देर से आने वालों को नोटिस देने और पत्रावलियों के व्यवस्थित रख-रखाव पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने लंबित वादों के त्वरित निस्तारण, ग्राम पंचायतों में जलभराव की स्थिति का समाधान, मनरेगा कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लेखाकार द्वारा ई-ऑफिस संचालन की जानकारी न होने पर डीएम ने नाराजगी जताई और कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।
साथ ही नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता, अतिक्रमण हटाने और पॉलीथिन के प्रयोग पर चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण में एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी, खंड विकास अधिकारी आलोक गार्गेय, तहसीलदार दयाराम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।