मां गंगा की निर्मलता के लिए 26 जुलाई को विशेष स्वच्छता अभियान

हरिद्वार के सभी प्रमुख घाटों पर 26 जुलाई को प्रातः 7:30 बजे से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना है।

स्वच्छता अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में एचआरडीए सभागार में जोनल और नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल, एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे, मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, और डीएफओ वैभव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 26 जुलाई को गंगा के प्रमुख घाटों और कांवड़ यात्रा मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन समन्वय के साथ करें। उन्होंने आमजन, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापार मंडल और संत समाज से भी सहयोग की अपील की।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से भी अभियान को सफल बनाने में पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह ने निर्देश दिए कि अभियान में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को मास्क, ग्लव्स और कूड़ा एकत्र करने के लिए बैग आदि सामग्री उपलब्ध करवाई जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, एडीएम फिंचाराम चौहान, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, एसपी सिटी पंकज गैरोला, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, एसडीएम जितेंद्र कुमार, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहित विभिन्न आश्रमों के प्रतिनिधि, समाजसेवी और व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *