हरिद्वार। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर हरिद्वार जिला सहकारी बैंक में कड़ा कदम उठाया गया है। बहादराबाद और खानपुर शाखा के दो शाखा प्रबंधकों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि आठ शाखा प्रबंधकों के वेतन पर रोक लगा दी गई है। यह कार्रवाई रुड़की मुख्यालय बी.टी. गंज में अपर निबंधक आनंद ए.डी. शुक्ला की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद की गई। बैठक में एनपीए, ऋण वितरण, जमा राशि और प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि जिन शाखाओं का एनपीए 10 प्रतिशत से अधिक है, उनका वेतन रोका जाएगा। साथ ही तीन माह में एनपीए को ₹68 करोड़ से घटाकर ₹40 करोड़ तक लाने का लक्ष्य तय किया गया। कम डिपॉजिट वाली शाखाओं को 20 करोड़ तक डिपॉजिट बढ़ाने और 15 अगस्त तक पैक्स कम्प्यूटरीकरण व शाखाओं का सौंदर्यीकरण पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। डॉ. रावत ने कहा कि सहकारिता व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाना सरकार की प्राथमिकता है और लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।