हरिद्वार में चला विशेष स्वच्छता अभियान, अधिकारियों ने खुद उठाई झाड़ू

जनभागीदारी से ही बनेगा हरिद्वार स्वच्छ और सुंदर – डीएम मयूर दीक्षित

हरिद्वार। कांवड़ मेले की सफलता के बाद अब हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने की मुहिम तेज हो गई है। जिले में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जिले के आला अधिकारियों से लेकर सामाजिक संगठनों तक ने भागीदारी की।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल और सीडीओ आकांक्षा कोंडे ने खुद गंगा घाट और सीसीआर क्षेत्र में झाड़ू लगाकर सफाई की। डीएम ने बताया कि कांवड़ यात्रा समाप्त होते ही 23 जुलाई की शाम से ही सफाई कार्य शुरू कर दिया गया था।

13 जोन में चला अभियान, हर जोन में अधिकारी तैनात

डीएम दीक्षित ने बताया कि पूरे शहर को 13 जोन में बांटकर प्रत्येक जोन में एक वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में अभियान चलाया गया। प्रशासन, सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और शैक्षणिक संगठनों ने मिलकर अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया।

जनसहभागिता से ही मिलेगा स्वच्छता का लक्ष्य

डीएम ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही इसे साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अगर अपने आसपास सफाई का ध्यान रखे और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डाले, तो हरिद्वार को साफ-सुथरा बनाना मुश्किल नहीं।

“गंगा की सफाई पुण्य का कार्य” – एसएसपी डोबाल

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि यह अभियान मुख्यमंत्री की प्रेरणा से शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि गंगा की सफाई पुण्य का कार्य है, जिसमें हर व्यक्ति को योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि कम से कम एक दिन सफाई को जरूर समर्पित करें।

प्रशासनिक से लेकर सामाजिक संगठन तक दिखे सक्रिय

अभियान में एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह, डीएफओ वैभव सिंह, एसपी सिटी पंकज गैरोला, सचिव मनीष सिंह, एसडीएम जितेंद्र कुमार, बीजेपी जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, महामंत्री आशु चौधरी सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संस्थाएं शामिल रहीं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *