हरिद्वार। मनसा देवी मंदिर मार्ग और बाराबंकी मंदिर में हाल ही में हुई दर्दनाक घटनाओं को लेकर महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी और अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष अधीर कौशिक ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतक श्रद्धालुओं को मां गंगा में दीपदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की।
सुनील सेठी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मांग की कि मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार को ठोस नीतियां और नियम लागू करने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाएं दोबारा न हो सकें। उन्होंने कहा कि मनसा देवी मंदिर की घटना हो या बाराबंकी की—इन सभी से यह स्पष्ट हो जाता है कि मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्थाएं आवश्यक हैं।
सेठी ने कहा कि मनसा देवी की अनहोनी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दुर्घटना में मासूम बच्चे, बुजुर्ग और अन्य श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
वहीं, परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष अधीर कौशिक और व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रीत कमल ने कहा कि ऐसी घटनाएं पूरे देश को शोक में डाल देती हैं। मंदिरों में आस्था लेकर जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की घटनाएं उनके पूरे परिवार को गहरे दर्द में डाल देती हैं। सरकारों को चाहिए कि वे ऐसी त्रासदियों से सबक लेते हुए मंदिर परिसरों में सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाएं।
दीपदान कार्यक्रम के बाद दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर प्रीत कमल, सोनू चौधरी, युवराज बिष्ट, कुलदीप कृष्ण चौहान, विनोद जोशी, बृजमोहन शर्मा, सुनील मनोचा, एस एन तिवारी, लालजी यादव और एस के सैनी उपस्थित रहे।