हरिद्वार। वरिष्ठ कांग्रेस नेता **लुणी अरौड़ा** ने केंद्र और प्रदेश सरकार से ऑनलाइन व्यापार पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कारोबार के बढ़ते दबदबे के चलते खुदरा व्यापारी लगातार नुकसान झेल रहे हैं।
लुणी अरौड़ा ने बताया कि त्योहारों के सीजन के आते ही बड़ी कंपनियाँ ऑनलाइन खरीद पर भारी डिस्काउंट देती हैं, जिससे स्थानीय व्यापारी खाली बैठे रहते हैं। दामों में असमानता बनी रहती है। नतीजतन, ऑफलाइन व्यापारी अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और बाज़ारों में ग्राहकों की संख्या घटती जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को गंभीरता से ऑनलाइन व्यापार पर नियंत्रण लगाना चाहिए, क्योंकि प्रमुख बाज़ारों में बैठे व्यापारी भी कारोबार नहीं कर पा रहे हैं। ऑनलाइन खरीदारी से उपभोक्ताओं को तो अस्थायी लाभ मिलता है, लेकिन उत्पादन की गुणवत्ता पर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं।
लुणी अरौड़ा ने सरकार से अपील की कि लगातार नुकसान झेल रहे व्यापारियों को राहत दिलाने और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए जाएँ तथा ऑनलाइन व्यापार पर सख्ती से रोक लगाई जाए।