हरिद्वार। आमजन और श्रद्धालुओं को फुटपाथ पर चलने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर नगर निगम व जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। यह अभियान भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की जयंती के अवसर पर शुरू किया गया।
नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने बताया कि अभियान के दौरान देवपुरा चौक से रानीपुर मोड़ तक फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। व्यापारियों से कहा गया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर फुटपाथ पर सामान न रखें और प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यापारी ने निर्देशों का पालन नहीं किया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। चौहान ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि शहर में जाम की स्थिति से निजात मिल सके और पैदल चलने वालों को सुगमता रहे।