अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह धरा, 20 बाइक बरामद, तीन शातिर गिरफ्तार, एक फरार

हरिद्वार। बहादराबाद पुलिस ने अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से उत्तराखंड, यूपी, हरियाणा और दिल्ली से चोरी की गई कुल 20 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। गिरोह का एक सदस्य फरार चल रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

सोमवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने खुलासा करते हुए बताया कि पिछले कुछ समय से हरिद्वार देहात, मंगलौर, सिविल लाइन रुड़की और यूपी के नकुड़ थाना क्षेत्र में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने डिजिटल सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

एसएसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध तीन बाइक सवारों को रोका। जांच करने पर बरामद बाइक चोरी की निकली। चेक करने पर यह वही मोटरसाइकिल पाई गई, जिसकी चोरी के संबंध में थाना बहादराबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित पुत्र नरेश निवासी ग्राम मौहम्मदपुर बुर्जुग लक्सर, आस मोहम्मद उर्फ आशू पुत्र रियासत निवासी ग्राम नेहन्तपुर लक्सर और दीपक पुत्र मोतीराम निवासी ग्राम मौहम्मदपुर बुर्जुग लक्सर के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिलें चुराकर सस्ते दामों पर बेच देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर मुलदासपुर के खंडहर से 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें मंगलौर, सिविल लाइन रुड़की और नकुड़ थाना क्षेत्र से चोरी की गई बाइकें भी शामिल हैं।

बरामद 8 मोटरसाइकिलों की पहचान संबंधित मुकदमों से हो चुकी है, जबकि बाकी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार मोहित ट्रैक्टर चालक है, आस मोहम्मद हेयर ड्रेसर है और दीपक पाइप लाइन खोदने का काम करता है।

आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में थानाध्यक्ष बहादराबाद अंकुर शर्मा, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, उपनिरीक्षक जगमोहन सिंह, कांस्टेबल बलवंत सिंह, निपुल यादव, महेश्वर और मनोज रतूड़ी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *