हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने एनसीओआरडी की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि स्कूल और कॉलेजों के आसपास गुटखा-तंबाकू की दुकानें संचालित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से बचाने के लिए यह कदम बेहद आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति शैक्षणिक संस्थानों के बाहर गुटखा-तंबाकू का सेवन करते पाया गया तो उसका सामान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने पुलिस और समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि नशीले पदार्थों के खिलाफ संयुक्त छापेमारी अभियान लगातार चलाया जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्यवाही की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि नशे के दुष्परिणामों से जनता को जागरूक करना बेहद जरूरी है। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, स्वयंसेवी संस्थाएं और गैर-सरकारी संगठन प्रशासन का सहयोग करें।