मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय, देहरादून में राज्य स्तरीय दिशा समिति की पहली बैठक हुई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी युग में योजनाओं की निगरानी और संचालन में डिजिटल प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग जरूरी है।
बैठक में कृषि, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, रोजगार और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कुसुम योजना के तहत सौर ऊर्जा आधारित पंपों की स्थापना तेज करने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में शेष गांवों को जल्द सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और युवाओं के लिए रोजगार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। कौशल विकास और स्वरोजगार योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए शासन के साथ जनप्रतिनिधियों और स्थानीय जनता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद नरेश बंसल, डॉ. कल्पना सैनी सहित कई विधायक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।