हरिद्वार। जनपद हरिद्वार की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने तीन महीने से लापता बालक कार्तिक (काल्पनिक नाम) को सकुशल बरामद कर उसकी नानी और पिता से मिलवाया। 13 वर्षीय कार्तिक मेरठ निवासी है, जो नाराज होकर घर से निकल गया था और तीन महीने से लापता था। नानी इंद्रा ने भावुक होकर हरिद्वार पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि रिश्तेदारों के तानों और निराशा के बीच पुलिस ने उन्हें फिर से जीवन की सबसे बड़ी खुशी दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल (IPS) के दिशा-निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान AHTU टीम ने नगर क्षेत्र से एक अन्य 15 वर्षीय बालक कुणाल को भी दयनीय अवस्था में रेस्क्यू किया, जो दो दिन पहले रेल से हरिद्वार पहुंचा था। बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार कुणाल को कनखल स्थित खुला आश्रय गृह में संरक्षण दिया गया है और पुलिस उसके परिजनों की तलाश कर रही है।
पुलिस की इस टीम में हेड कॉन्स्टेबल राकेश कुमार, बिना गोदियाल, विनीता सेमवाल, सुरजीत कौर, कॉन्स्टेबल दीपक चंद, जयराज सिंह, महिला कॉन्स्टेबल शशिबाला और दीपक डबराल शामिल रहे।