हरिद्वार। आर्य नगर और ज्वालापुर को जोड़ने वाली सड़क पर बना रेलवे अंडरपास बरसात के मौसम में स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन जाता है। थोड़ी सी बारिश में भी पानी भर जाने से यहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है। नतीजतन यातायात अवरुद्ध हो जाता है और दोनों इलाकों का संपर्क टूट जाता है।
स्थानीय संगठनों का कहना है कि इस समस्या के समाधान को लेकर कई बार जिलाधिकारी और नगर आयुक्त से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात के पानी के साथ-साथ ऊपर से लाइन लीक होने पर टपकने वाले पानी के कारण यह अंडरपास लोगों के लिए नरक साबित हो रहा है।
संगठन और क्षेत्रीय जनता ने नगर आयुक्त से मांग की है कि अभी वर्षा बंद होने के समय का लाभ उठाकर अंडरपास के बेस पर कंक्रीट डालकर ढलान बनाया जाए, ताकि पानी नालियों में इकट्ठा होकर पंप द्वारा बाहर निकाला जा सके। साथ ही पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए अंडरपास के दोनों ओर फुटपाथ का निर्माण भी आवश्यक बताया गया है।